खैरागढ़ अपडेट / 14 वर्षीय छात्रा देविका वर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिली शव, यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसमें किशोरी के ही बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन से धक्का देकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मोहन वर्मा सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के चिचोला की रहने वाली देविका वर्मा 28 मार्च को अपने मामा की शादी में शामिल होने आई थी। इसी दौरान वह बिना परिजनों को बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों के साथ डोंगरगढ़ के लिए निकल गई।

डोंगरगढ़ पहुंचने के बाद चारों वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन से कोरबा के लिए रवाना हुए। सफर के दौरान किसी बात को लेकर देविका और मोहन के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और गुस्से में आकर मोहन वर्मा ने देविका को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इधर, 28 मार्च की रात से बेटी के लापता होने पर परिजनों ने काफी तलाश की और 29 मार्च को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच 30 मार्च को मस्तूरी पुलिस को ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात किशोरी का शव मिला। पहचान नहीं होने पर शव को सुरक्षित रखकर फोटो-वीडियो जारी किए गए।

31 मार्च को खैरागढ़ पुलिस परिजनों को लेकर बिलासपुर पहुंची, जहां परिजनों ने शव की पहचान देविका वर्मा के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए संदेह के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

