बड़ी खबर-KCG जिला पुलिस टीम ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। रात के अंधेरे में हुई एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी, लेकिन गहन जांच के बाद सच्चाई सामने आ गई।

घटना का संक्षिप्त विवरण
अपराध का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 27.02.2026 की सुबह करीब 8.30 बजे, थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गहिरा-गोपालपुर में गुवाल वर्मा के पिता लेडगूराम वर्मा की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही, ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और मौके पर पहुंचकर सूचना की तस्दीक की, जो सही पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, घटनास्थल ग्राम गहिरा गोपालपुर में डॉग स्क्वाड टीम एवं एफएसएल के सीन ऑफ क्राइम यूनिट वैज्ञानिक को मौके पर तलब कर बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
जांच और आरोपी की पहचान
हत्या के संबंध में आसपास के लोगों एवं ग्रामीणों से पतासाजी की जा रही थी। पतासाजी के दौरान पंचान गवाहों एवं मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर संदिग्ध आरोपी बीरेंद्र कुमार वर्मा पिता रामकुमार वर्मा, निवासी ग्राम गहिरा गोपालपुर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जुर्म करना स्वीकार किया।
आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया, "मृतक लेडगू राम वर्मा (ग्राम पटेल) रोज हमारे घर में टीवी देखने आते-जाते रहता था और मुझे जब भी देखता तो घर और खेती किसानी के काम को लेकर अनाप-शनाप बकते रहता था, जो मुझे बहुत बुरा लगता था। एवं मेरे परिवार की महिला के ऊपर भी बुरी नजर रखता और मेरे सामने ही आंख मिलाकर गलत हरकत करता था, जिससे मैं काफी आक्रोश में था और गुस्से में आकर लेडगूराम को मारने का योजना बनाया।"

हत्या का तरीका और झूठी कहानी
आरोपी ने बताया कि सबके सो जाने के बाद रात्रि 26/02/2026 को करीबन 11.00 बजे, वह लेडगूराम को मारने के लिए घर से कुल्हाड़ी लेकर लेडगूराम के घर गया। लेडगूराम सो रहा था, तो उसने टंगिया से उसके सिर में तीन बार वार करके उसकी गला दबा कर हत्या की।
घटना को किसी चोर द्वारा चोरी करने के बाद अंजाम दिया गया है, यह दिखाने के लिए आरोपी ने मृतक के नए मकान के पिछले खिड़की को तोड़कर घर के अंदर आलमारी को भी तोड़-फोड़ किया।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
मामले में आरोपी का मेमोरेंडम कथन लेकर उसके बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त टंगिया एवं घटना के समय पहने हुए टी-शर्ट, लोवर तथा बनियान का कपड़ा, जिसमें मृतक के खून को आरोपी द्वारा पोछा गया था, को आरोपी के घर से तथा तालाब किनारे हल्के पानी के अंदर कीचड़ से बरामद कर जब्त कर लिया गया है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने से उसे गिरफ्तार कर आज दिनांक 03.03.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
यह मामला KCG जिला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच पद्धतियों का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने एक जटिल अंधे कत्ल की गुत्थी को सफलतापूर्वक सुलझाया।

