खैरागढ़ अपडेट –कबीरधाम जिले के बोडला थाना क्षेत्र में हुए चर्चित युवक हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक युवक की पहचान ग्राम बैहरसारी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई है, जिसका शव थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में बोरी के भीतर बरामद किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक एक महिला को अश्लील वीडियो के जरिए लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बना रहा था। घटना की रात युवक महिला के घर पहुंचा, जहां महिला मंदाकिनी वर्मा ने सरिया मोड़ने वाले बड़े पाना से उस पर हमला कर दिया।

शोर सुनकर महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया और अगले दिन रामस्नेही ने अपने भाई रूपेश वर्मा की मदद से शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर से ग्राम सोंढा ले जाकर फेंक दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में बोडला थाना एवं चौकी पौड़ी पुलिस की टीम ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

