खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक– देशभर में महंगाई की मार झेल रही जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शनिवार रात से लागू हो गई हैं, जिसके बाद उपभोक्ताओं को अब घरेलू गैस सिलेंडर के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी होगी।

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च 2026 में सिलेंडर की कीमत में ₹60 की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।

छत्तीसगढ़ में भी नई दरें लागू कर दी गई हैं। राजधानी रायपुर में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर, जो पहले ₹984 में उपलब्ध था, अब ₹1013 में मिलेगा। रविवार सुबह से उपभोक्ताओं को नई कीमत पर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव और ईरान संकट के कारण कच्चे तेल एवं गैस की कीमतों में आए उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर पड़ा है, जिसके चलते गैस कंपनियों ने कीमतों में वृद्धि की है।लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच गैस सिलेंडर के दामों में हुई यह बढ़ोतरी आम परिवारों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है।


