K खैरागढ़ अपडेट–खैरागढ़ जिले के ग्राम दल्लीखोली-लछना के जंगल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जंगल के भीतर एक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने के बाद वन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। घटना के बाद मौत की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, वन्यजीव और प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा दोपहर के समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली के जंगल पहुंचे थे। जंगल में घूमने के दौरान उन्हें सबसे पहले एक Greater Racket-tailed Drongo मृत हालत में मिला। इसके बाद आसपास का क्षेत्र देखने पर वे हैरान रह गए। जलस्रोत के पास कई पक्षी और जंगली जानवर मृत पड़े थे। मुकेश वर्मा ने पूरे घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट किया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया

वायरल वीडियो में एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत कई पक्षियों के शव दिखाई दे रहे हैं। इनमें रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट जैसे पक्षी भी शामिल बताए जा रहे हैं। एक ही स्थान पर इतने अलग-अलग वन्यजीवों की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुकेश वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में आशंका जताई है कि जलस्रोत में किसी जहरीले रसायन या पदार्थ को मिलाया गया हो सकता है। माना जा रहा है कि पानी पीने के बाद इन बेजुबान वन्यजीवों की मौत हुई होगी। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच में जुटी वन विभाग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है। विभाग जहरखुरानी, भीषण गर्मी और पानी की कमी समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। घटनास्थल से पानी और अन्य सैंपल लिए गए हैं। मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके

वन्यजीव जानकारों का कहना है कि एक ही जगह इतने पक्षियों और जानवरों का मृत मिलना सामान्य घटना नहीं मानी जा सकती। खासकर मोर और सिवेट जैसे वन्यजीवों की एक साथ मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

