खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक–जी.एच. रायसोनी मेमोरियल के तत आयोजित दुर्ग संभाग स्तरीय एक दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का मंगलवार को सरस्वती शिशु एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य नीलांबर वर्मा एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष संदीप सिरमौर मौजूद रहे।
दुर्ग संभाग के सभी सात जिलों—दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-चौकी, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) से पहुंचे महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन जी.एच. रायसोनी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल फाउंडेशन के सहयोग से जिला शतरंज संघ केसीजी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य शतरंज संघ के तत्वावधान में कराया गया।प्रतियोगिता में कुल 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी, मेडल और मोमेंटो दिए गए। मुख्य पुरस्कारों के अलावा श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, स्थानीय खिलाड़ी, वरिष्ठ खिलाड़ी और दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए भी विशेष श्रेणियां रखी गईं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि “शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और दूरदर्शिता का प्रतीक है।” वहीं नीलांबर वर्मा ने शतरंज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताते हुए इसे भारत की प्राचीन “चतुरंग” परंपरा से जुड़ा गौरवशाली खेल बताया।
मंच संचालन कर रहे पत्रकार संघ के संरक्षक अनुराग शांति तुरे ने कहा कि शतरंज नई पीढ़ी में विश्लेषण क्षमता और निर्णय लेने की कला विकसित करता है। आयोजन में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन, उपाध्यक्ष यतेंद्रजीत सिंह “छोटू”, सचिव रॉकी देवांगन, कोषाध्यक्ष शेख जाहिद, सदस्य रिजवान सोलंकी सहित निर्णायक मंडल के अनिल शर्मा एवं दिव्यांशु उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

